Sunday, October 11, 2026

3 और सांसद सदन से निलंबित, अब तक 27:50 घंटे के धरने पर बैठे; विपक्षी पार्टियों ने संभाला खानपान

राज्यसभा से गुरुवार को विपक्ष के तीन सांसद और सस्पेंड किए गए हैं। इनमें आम आदमी पार्टी के सांसद सुशील गुप्ता, संदीप पाठक और निर्दलीय अजीत कुमार शामिल हैं। अब तक लोकसभा और राज्यसभा के 27 सांसद निलंबित हो चुके हैं, इसमें चार लोकसभा के और 23 राज्यसभा के हैं।

इधर, सस्पेंड हुए सांसद संसद भवन परिसर में गांधी मूर्ति के सामने 50 घंटे का रिले धरना दे रहे हैं। यानी बारी-बारी से 50 घंटे तक सांसद धरना दे रहे हैं। बुधवार सुबह 11 बजे शुरू हुआ धरना शुक्रवार दोपहर एक बजे तक चलेगा।

सांसदों के खाने-पीने समेत जरूरी सुविधाओं का इंतजाम विपक्षी पार्टियों ने किया है। ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर के लिए बाकायदा फूड रोस्टर तैयार किया है। इसमें दही-चावल, डोसा, हलवा, चिकन और गाजर हलवा तक शामिल हैं।

AAP, TMC और DMK ने धरने के दौरान खान-पान का पूरा जिम्मा संभाला है। बुधवार को DMK सांसद तिरुचि शिवा ने धरने पर बैठे सांसदों को ब्रेकफास्ट में डोसा खिलाया। डिनर तृणमूल कांग्रेस ने दिया। आज डिनर की जिम्मेदारी AAP की है।