बिलासपुर। छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली कई यात्री ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ने वाला है। रेलवे प्रशासन ने गोंदिया स्टेशन में वॉशेबल एप्रन निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए ब्लॉक लिया है, जिसके चलते 10 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा 30 ट्रेनों को गंतव्य से पहले ही समाप्त किया जाएगा, जबकि 2 ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है।
रेलवे के अनुसार यह कार्य भारतीय रेल के नागपुर मंडल अंतर्गत किया जा रहा है। ब्लॉक की अवधि 3 मई से 22 मई 2026 तक रहेगी, जबकि कुछ ट्रेनों का निरस्तीकरण 3 से 24 मई तक प्रभावी रहेगा।
कई राज्यों के यात्री होंगे प्रभावित
ट्रेनों के रद्द होने और मार्ग बदलने से झारखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
रद्द होने वाली प्रमुख ट्रेनों में
-
टाटानगर–नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी) एक्सप्रेस
-
डोंगरगढ़–गोंदिया
-
गोंदिया–नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी)
-
नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी)–बालाघाट
जैसी यात्री गाड़ियां शामिल हैं।
इन ट्रेनों के बदले गए रूट
2, 4, 6, 9, 11, 13, 16 और 18 मई को रीवा से चलने वाली 11754 रीवा–नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी) स्टेशन एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन जबलपुर–नैनपुर–बालाघाट होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेगी।
इसी तरह 3, 5, 7, 10, 12, 14, 17 और 19 मई को नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी) से चलने वाली 11753 नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी)–रीवा एक्सप्रेस भी इसी बदले मार्ग से संचालित होगी।
क्यों लिया गया ब्लॉक
रेलवे प्रशासन के मुताबिक गोंदिया स्टेशन एक महत्वपूर्ण जंक्शन है, जहां कई ट्रेनों का ठहराव और प्रारंभिक रखरखाव कार्य होता है। स्टेशन की लाइन नंबर 5 पर वॉशेबल एप्रन बनने से ट्रेनों की सफाई, संचालन और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी।








