
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKY) के तहत गरीबों को नवंबर के बाद मुफ्त राशन देने पर संशय है। खाद्य सचिव सुधांशु पांडे ने शुक्रवार को कहा कि इस स्कीम के तहत नवंबर के बाद भी गरीबों को राशन दिए जाने का फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं है। बता दें कि बीते साल से ही केंद्र सरकार की ओर से इस स्कीम के तहत गरीब परिवारों को मुफ्त राशन मुहैया कराया जा रहा है।
इसी साल जून में पीएम नरेंद्र मोदी की ओर से इस स्कीम को नवंबर तक बढ़ाने का ऐलान किया गया था। खाद्य सचिव सुधांशु पांडेय ने शुक्रवार को कहा, ‘अर्थव्यवस्था अब सुधार की ओर बढ़ रही है। ऐसे में पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के विस्तार का कोई प्लान नहीं है।’ महंगे खाद्य तेल की महंगाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि देश कई राज्यों में इसमें कमी देखने को मिल रही है।









