कोरबा की सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के टीपी नगर में कोल ट्रांसपोर्टर के कार्यालय में गोली चलाई गयी थी। आरोपी ने धमकी भरा पर्चा भी छोड़ा था मामले की पुलिस जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार गोली चलाने वाले आरोपी ने टीपी नगर के बड़े कोल ट्रांसपोर्टर आर के टी सी ग्रुप के ऑफिस में फायरिंग करने के बाद एक पर्चा छोड़ा है जिसमें झारखंड से जुड़े कोयला कारोबार का कार्य अमन साहू गैंग को मैनेज करने के बाद ही शुरू करने कहा गया है। ऐसा नहीं करने पर इसका अंजाम मौत लिख कर धमकी दी गई है। वही सरेराह हुई इस घटना से शहर में अफरा-तफरी का माहौल है। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच में जुट गए है।
लापरवाही आई सामने
इस घटना में आरकेटीसी ग्रुप की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है जहां कंपनी के ऑफिस में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा होना पाया गया। हालांकि बगल के ऑफिस में सीसीटीवी कैमरे में कैद फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
चेंबर ऑफ कॉमर्स ने की कार्यवाही की मांग
जिला चेम्बर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज कोरबा ने इस घटना की कड़ी भत्र्सना करते हुए पुलिस अधीक्षक से आग्रह किया है कि नक्सली पैटर्न पर आधारित आपराधिक गतिविधियां चिंता का विषय है। इस तरह की गतिविधियों को पनपने से पहले ही अपराधियों की जल्द से जल्द पहचान कर कड़ी कार्यवाही करें ताकि भविष्य में व्यापारी बंधुओं और आम नागरिकों का पुलिस प्रशासन की क्षमता व कार्यकुशलता पर विश्वास कायम रहे और सभी व्यापारीगण पूर्व की भांति अपना कारोबार भयमुक्त वातावरण में कर सकें। इस पर पुलिस अधीक्षक महोदय ने चेम्बर को आश्वासन दिया है कि जल्द से जल्द अपराधी पकड़े जायेंगे।









