
छत्तीसगढ़ के मैनपाट में शनिवार सुबह ट्रेनी पुलिस जवानों से भरी बस सड़क किनारे 15 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 12 जवान घायल हुए हैं। इनमें से 4 जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। यह सभी जवान मुंगेली में होने वाले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यक्रम में ड्यूटी के लिए जा रहे थे।जानकारी के मुताबिक, मैनपाट स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल से 38 ट्रेनी जवानों को लेकर बस मुंगेली जा रही थी। इसी दौरान अमगांव के पास मोड़ पर बेकाबू होकर पलट गई और सड़क किनारे खाई में लुढ़कती चली गई। गनीमत रही कि नीचे जाकर बस पेड़ में फंस गई। राहगीरों ने हादसा होते देखा तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद जवानों को बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया।









