Friday, September 18, 2026

6 लोगों की मौत मामला, मुख्यमंत्री बघेल ने गहरा दुख प्रकट किया

knn24news/  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महासमुंद जिले के ईमलीभांठा नहर पुलिया के पास रेलवे पटरी से कटकर महिला और उनकी पांच बच्चियों की मृत्यु पर गहरा दुख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को इस पूरे घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला कलेक्टर ने घटना के संबंध में बताया है कि प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि मृतक परिवार का स्वयं का मकान ग्राम बेमचा, जिला महासमुंद में है। परिवार के मुखिया केजउ राम साहू ग्राम मुढ़ेना में राईस मिल में हमाली का काम करते हैं। केजउ राम साहू के नाम पर पौने दो एकड़ जमीन है। बीपीएल परिवार है। 26 क्विंटल धान इनके द्वारा बेचा गया है। बीती रात पारिवारिक कलह होने की जानकारी प्रारंभिक रूप से प्राप्त हुई है। इस संबंध में पुलिस द्वारा आगे जांच की जा रही है।

वहीँ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने महासमुंद से लगे ग्राम बेमचा के एक महिला व उसकी पाँच पुत्रियों की आत्महत्या के मामले को अत्यंत हृदयविदारक बताते हुए शोकाकुल पति व परिजनों के प्रति अपनी गहन संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने प्रदेश सरकार से यह मांग की है कि इस मर्मांतक घटना की जांच कर संवेदनशील पहल करे। आगे ऐसी कोई पुनरावृत्ति नहीं हो इसलिए सामाजिक और शासकीय स्तर पर ठोस क़दम उठाए जाने की आवश्यकता है। साय ने मृतात्माओं की शांति के लिये ईश्वर से प्रार्थना करते हुए अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है।