रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कोटा स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में पारिवारिक विवाद के दौरान छह माह की मासूम बच्ची के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी से विवाद के बाद पिता ने अपनी ही बेटी हिमानी को दो बार जमीन पर पटक दिया। घटना में बच्ची बेहोश हो गई। परिजन उसे तत्काल एम्स रायपुर लेकर पहुंचे, जहां मासूम का आईसीयू में इलाज जारी है। मामले में सरस्वती नगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी पिता आशीष कावरिया (21) को गिरफ्तार कर लिया है।
मायके जाने की बात पर पति-पत्नी के बीच विवाद
पुलिस के अनुसार, कोटा स्थित बीएसयूपी कॉलोनी के ब्लॉक-35, मकान नंबर-01 में रहने वाली सरगम कावरिया ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि करीब नौ महीने पहले उसकी आशीष कावरिया के साथ कोर्ट मैरिज हुई थी।
आरोप के मुताबिक, 14 अक्टूबर की शाम सरगम अपने मायके समता कॉलोनी से घर लौटी थी। इसी बात को लेकर रात करीब नौ बजे पति ने उसके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद रात करीब डेढ़ बजे विवाद बढ़ गया और आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मां के विरोध के बावजूद बच्ची को दोबारा पटका
शिकायत के अनुसार, विवाद के दौरान आशीष ने अपनी छह माह की बेटी हिमानी को उठाकर जमीन पर पटक दिया। पत्नी ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपी ने कथित तौर पर बच्ची को दोबारा जमीन पर पटक दिया। इस घटना के बाद मासूम बेहोश हो गई।
बच्ची की गंभीर हालत देखकर मां ने अपने मामा ससुर और मामी सास को बुलाया। इसके बाद परिजन बिना देर किए बच्ची को इलाज के लिए एम्स रायपुर लेकर पहुंचे। वहां उसे भर्ती कराया गया है और फिलहाल आईसीयू में उपचार जारी है।
सरस्वती नगर पुलिस ने आरोपी पिता को किया गिरफ्तार
घटना की शिकायत मिलने के बाद सरस्वती नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने सोमवार को आरोपी आशीष कावरिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है







