Friday, September 25, 2026

60 साल के बुजुर्ग ने मालिक को मार डाला:मजदूरी कराने लाया था अधेड़, खाना बनाने को लेकर हुआ विवाद तो ले ली जान

बिलासपुर में 60 साल के एक बुजुर्ग ने 48 साल के अपने अधेड़ मालिक की पीट-पीट कर हत्या कर दी। दोनों के बीच खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ था। इस पर वृद्ध ने अधेड़ पर टंगिया से हमला कर दिया और भाग निकला। पुलिस ने 9 दिन बाद आरोपी वृद्ध को गिरफ्तार कर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई है। खास बात यह है कि अधेड़ ने मजदूरी और बकरी चराने के लिए वृद्ध को रखा था। मामला तखतपुर थाना क्षेत्र का है।

साल्हेडबरी गांव निवासी हरदेव उर्फ मुन्ना ध्रुव (48) का शव 5 अप्रैल को उसके ही घर में मिला था। पुलिस पहुंची तो पता चला कि धारदार हथियार से उसकी हत्या की गई है। यह भी सामने आया कि हरदेव के परिवार के बाकी सदस्य छेरछेरा के बाद अमरकंटक और दूसरी जगह बाहर गए हुए हैं। करीब 4 महीने पहले देवरी सोनबंधा निवासी दुखीराम केंवट (60) उसके पास रहने आया। वह बकरियां चराता और खाना बनाता था, पर वारदात के बाद से गायब है।