कोरबा. कटघोरा वनमण्डल के पसान रेंज अंतर्गत बनियागांव में हाथी की संदिग्ध मौत पर वन विभाग के कर्मचारी द्वारा बनाया गया एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है. जिसमें हाथी की मौत को लेकर एक जनप्रतिनिधि के द्वारा ये कहा जा रहा है कि किसी व्यक्ति द्वारा यदि हाथी को मारा जाता है तो वन विभाग उसे 6 लाख रुपये देता है. तो अगर वन विभाग हाथी को मारता है तो हम सभी गांव वाले चंदा कर विभाग को 8 लाख रुपये देंगे. इस वीडियो के वायरल होने के बाद विभाग में हलचल बढ़ गई है.
बता दें कि पसान रेंज में दो दिन पहले एक हाथी के बच्चे की खेत में दफन लाश मिलने से वन विभाग में सनसनी फैल गई थी. हाथी को ग्रामीणों द्वारा मारकर दफनाए जाने की अफवाह अब सच साबित होती नजर आ रही है. क्योंकि ऐसा बताया जा रहा है कि विभाग के एक कर्मी ने एक जनप्रतिनिधि की बातों को अपने मोबाइल में कैद है. अब इस वाकये का वीडियो वायरल होने के बाद उक्त जनप्रतिनिधि गांव से फरार होना बताया जा रहा है. जिसके बाद वन विभाग जांच में लग गया है. इस मामले में जिस व्यक्ति के खेत से हाथी की लाश मिली थी, उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है.











