
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी हत्याकांड में नया मोड़ सामने आया है। मृतक के छोटे भाई मनोज सोनी के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया, जिसमें एक शख्स ने प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या करने की जिम्मेदारी लेने का दावा किया।
हालांकि कुछ ही देर बाद उसी नंबर से दूसरा मैसेज भेजकर माफी मांगी गई और दावा किया गया कि वह मानसिक रूप से परेशान था तथा उसने हत्या नहीं की है। इस घटनाक्रम से परिवार में फिर से भय और चिंता का माहौल बन गया है।
मनोज सोनी ने पेंड्रा थाने में शिकायत दर्ज कर अज्ञात नंबर की जांच और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर सेल की मदद से मैसेज भेजने वाले की पहचान शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह मैसेज असली आरोपी ने भेजा है या फिर कोई जांच को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।
इस बीच, बिहार एसटीएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले के मुख्य शूटर को झारखंड से गिरफ्तार कर लिया है, जिससे पूछताछ जारी है।








