कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित परसाभांठा पिकनिक स्पॉट पर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। पिकनिक मनाने पहुंचे युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान कुछ युवकों ने एक युवक की हाथ-मुक्कों और कड़ाही से बेरहमी से पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, मारपीट के बाद उसे गहरे पानी में फेंकने की कोशिश भी की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जांजगीर-चांपा से पिकनिक मनाने आए थे युवक
जानकारी के मुताबिक, जांजगीर-चांपा जिले से कुछ युवक कोरबा के परसाभांठा पिकनिक स्पॉट पर घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर वहां मौजूद दो गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
हाथ-मुक्कों और कड़ाही से युवक की पिटाई
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ युवक एक युवक को घेरकर हाथ-मुक्कों से मारते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान कड़ाही से भी उस पर हमला किया गया। मारपीट के दौरान युवक को गहरे पानी और फिसलन वाली जगह के पास ले जाया गया। वीडियो में उसे पानी में फेंकने की कोशिश करते हुए भी देखा जा सकता है।
शराब के नशे में होने की चर्चा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिकनिक मनाने पहुंचे कुछ युवक शराब के नशे में थे। बताया जा रहा है कि नशे की हालत में ही किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया। हालांकि, विवाद की असली वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग
परसाभांठा पिकनिक स्पॉट पर इन दिनों बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने पहुंचते हैं। ऐसे में मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों ने पर्यटकों की सुरक्षा के लिए यहां पुलिस चौकी स्थापित करने और सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग की है।
बालको पुलिस बोली- शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई
मामले में बालको थाना पुलिस के मुताबिक, मारपीट को लेकर अब तक किसी भी पक्ष ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल परसाभांठा पिकनिक स्पॉट पर हुई इस घटना ने पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।



