रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। 8 दिन की CBI कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद गुरुवार को उसे रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने सुनवाई के बाद सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया है। अब उसे अगले 7 दिनों तक जेल में रहना होगा।
8 दिन की CBI रिमांड के बाद कोर्ट में पेशी
सौरभ चंद्राकर की CBI कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद उसे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रायपुर की स्पेशल कोर्ट लाया गया। इस दौरान CBI और ED के अधिकारी भी मौजूद रहे। CBI ने कोर्ट में दोबारा कस्टडी की मांग नहीं की, बल्कि आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने का आवेदन दिया। कोर्ट ने इसे स्वीकार करते हुए 19 नवंबर तक जेल भेजने का आदेश दिया।
ED की अर्जी कोर्ट ने की खारिज
सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से नॉन-बेलेबल वारंट एक्जीक्यूट कराने के लिए आवेदन पेश किया गया था। हालांकि, कोर्ट ने ED के इस आवेदन को खारिज कर दिया। ED की ओर से अधिवक्ता सौरभ पांडे ने पक्ष रखा, जबकि बचाव पक्ष की तरफ से अधिवक्ता तुषार गिरी ने पैरवी की।
झोला लेकर जेल पहुंचा सौरभ चंद्राकर
कोर्ट से न्यायिक रिमांड का आदेश मिलने के बाद सौरभ चंद्राकर को जेल भेज दिया गया। जेल में प्रवेश के दौरान उसके हाथ में एक झोला दिखाई दिया। हाई सिक्योरिटी के बीच हुई इस पूरी कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
CBI ने 4 अधिकारियों को भेजा नोटिस
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले की जांच में CBI लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में CBI ने चार अधिकारियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया है। अब जांच एजेंसी इन अधिकारियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और कथित नेटवर्क की जानकारी जुटाएगी।
महादेव सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी और भारत लाए जाने के बाद से ही जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज है। अब 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में रहने के दौरान मामले की अगली कानूनी प्रक्रिया पर सभी की नजरें रहेंगी।








