जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स से हुई करीब 1.74 करोड़ रुपये के सोने के आभूषणों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने एक ही परिवार के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 3 महिलाएं शामिल हैं, जबकि एक नाबालिग लड़की को हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 765.7 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो, ऑटो और बाइक भी जब्त की गई हैं। चोरी के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए जंगल में छिप गए थे। पुलिस ने ड्रोन और थर्मल कैमरों की मदद से उनकी तलाश कर आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। हालांकि, गिरोह के 3 अन्य आरोपी अभी फरार हैं। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
त्योहार की भीड़ में महिलाओं ने दिया चोरी को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में त्योहार के चलते ग्राहकों की काफी भीड़ थी। इसी दौरान महिलाओं और बच्चों का एक समूह आभूषण खरीदने के बहाने दुकान पहुंचा।
महिलाएं दुकानदार को अलग-अलग आभूषण दिखाने में उलझाए रहीं। इसी बीच एक महिला ने दुकान की दराज में रखा सोने के आभूषणों से भरा प्लास्टिक का बॉक्स निकालकर एक नाबालिग लड़की को थमा दिया। इसके बाद पूरा समूह वहां से निकल गया।
शाम करीब 7:30 बजे दुकानदार को सोने के टॉप्स वाला बॉक्स गायब होने की जानकारी मिली। इसके बाद दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें महिलाओं और बच्चों के समूह की संदिग्ध गतिविधियां कैद मिलीं। दुकानदार की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
स्कॉर्पियो के जरिए पुलिस पहुंची आरोपियों तक
जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज और तस्वीरों के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की। साइबर सेल की मदद और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सफेद रंग की स्कॉर्पियो क्रमांक CG 17 C 3511 को चिह्नित किया गया।
वाहन के मालिक से पूछताछ में पता चला कि उसने स्कॉर्पियो दुआ मोटर्स में बेच दी थी। इसके बाद पुलिस ने दुआ मोटर्स से जानकारी जुटाई, जहां से पता चला कि वाहन मासों कश्यप निवासी पथरीली उड़वा, कोड़ेनार ने खरीदा था।
पुलिस के पहुंचने से पहले जंगल की ओर भागे आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए CSP अंशिका जैन ने चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। टीमों ने कोड़ेनार क्षेत्र के पथरीली उड़वा गांव में दबिश दी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही संदिग्ध चोरी का सामान लेकर जंगल की ओर भाग निकले।
इसके बाद पुलिस ने जंगल में आरोपियों की तलाश के लिए ड्रोन और थर्मल कैमरों का इस्तेमाल किया। आधुनिक तकनीक की मदद से जंगल में छिपे आरोपियों का पता लगाया गया और कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया।
765.7 ग्राम सोना बरामद, 3 आरोपी अब भी फरार
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी के 765.7 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो, ऑटो और बाइक भी जब्त की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी पांच आरोपी एक ही परिवार के हैं। मामले में एक नाबालिग लड़की को भी हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया गया है। वहीं गिरोह के तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।








