Saturday, November 14, 2026

Korba News: बरमपुर चौराहे पर कोयले से लोड ट्रेलर पलटा, सड़क पर बिखरा कोयला; चालक के नशे में होने की आशंका

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार सुबह बरमपुर चौराहे के पास कोयले से लोड एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद ट्रेलर में भरा कोयला सड़क पर बिखर गया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। गनीमत रही कि हादसे के दौरान कोई राहगीर या अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।

कुसमुंडा से कोरबा आ रहा था ट्रेलर

जानकारी के अनुसार, ट्रेलर क्रमांक CG-10 BX-7239 कुसमुंडा की ओर से कोयला लोड कर कोरबा आ रहा था। इसी दौरान बरमपुर चौराहे के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते भारी-भरकम ट्रेलर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के बाद सड़क पर कोयला फैलने से आवागमन प्रभावित हुआ।

पुलिस और ब्रेकडाउन टीम ने हटाया वाहन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभाली। बाद में ब्रेकडाउन सर्विस की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को सड़क से हटाया गया। इसके बाद सड़क पर बिखरे कोयले को हटाकर आवागमन सामान्य कराया गया।

चालक के नशे में होने की आशंका

प्राथमिक जानकारी में ट्रेलर चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, चालक शराब के नशे में था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पहले भी इसी जगह पलट चुका है कोयले से लोड ट्रेलर

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बरमपुर चौराहे के पास पहले भी कोयले से लोड ट्रेलर पलटने की घटना हो चुकी है। लगातार हो रहे हादसों से लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण रखने और लापरवाह चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।