Monday, November 23, 2026

गर्लफ्रेंड से विवाद के बाद युवक ने खुद को लगाई आग, इलाज के दौरान मौत; 10 महीने बाद प्रेमिका गिरफ्तार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में प्रेम प्रसंग और शादी को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। गर्लफ्रेंड से विवाद के बाद युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी। गंभीर रूप से झुलसे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में करीब 10 महीने तक चली पुलिस जांच के बाद अब उसकी गर्लफ्रेंड को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, युवती युवक पर शादी करने का दबाव बना रही थी। शादी से इनकार करने पर उसे फंसाने की धमकी भी देती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस ने युवती के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। पूरा मामला कोनी थाना क्षेत्र का है।

सोशल मीडिया से हुई थी पहचान, लंबे समय से चल रहा था प्रेम प्रसंग

पुलिस के अनुसार, बलरामपुर निवासी विकास गुप्ता (22) रायपुर की एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। उसके पिता भटगांव में आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं।

वहीं सूरजपुर जिले के भटगांव निवासी आकांक्षा सिदार (21) बिलासपुर के कोनी क्षेत्र में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। सोशल मीडिया के जरिए दोनों की पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

शादी की बात पर दोनों के बीच होता था विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि आकांक्षा विकास पर शादी करने का दबाव बना रही थी। आरोप है कि शादी नहीं करने पर वह उसे फंसाने की धमकी देती थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस के मुताबिक, इन परिस्थितियों से परेशान होकर विकास ने आत्मघाती कदम उठाया।

होटल के कमरे में खुद पर पेट्रोल डालकर लगाई आग

घटना 27 जनवरी 2026 की है। विकास और आकांक्षा बिलासपुर के कोनी स्थित एक होटल में कमरा लेकर ठहरे हुए थे। इसी दौरान शादी की बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हो गया।

बताया गया कि विवाद के बाद गुस्से में आकर विकास ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना के समय आकांक्षा भी होटल के उसी कमरे में मौजूद थी। आग से विकास गंभीर रूप से झुलस गया।

रायपुर में इलाज के दौरान 1 फरवरी को हुई मौत

घटना के बाद गंभीर हालत में विकास को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया, जहां 1 फरवरी 2026 को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

युवक की मौत के बाद कोनी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने प्रेम प्रसंग, विवाद और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की।

10 महीने बाद प्रेमिका गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल

लंबी जांच के दौरान पुलिस को ऐसे साक्ष्य मिले, जिनके आधार पर आकांक्षा पर विकास को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया। इसके बाद पुलिस ने शनिवार, 21 नवंबर को आकांक्षा सिदार को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। फिलहाल मामले में पुलिस की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।