कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दंतैल हाथी को ट्रैक्टर से खदेड़ने और परेशान करने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। हाथियों को परेशान करने के मामले में वन विभाग की इसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
जिल्गा जंगल में ट्रैक्टर लेकर हाथी को भगाने पहुंचे थे ग्रामीण
मामला कुदमुरा वन परिक्षेत्र के ग्राम जिल्गा का है। जानकारी के अनुसार, कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर जंगल में हाथियों को भगाने पहुंचे थे। इसी दौरान एक दंतैल हाथी ने ट्रैक्टर पर हमला कर दिया। हमले में ट्रैक्टर के इंजन का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रैक्टर में सवार युवकों ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हुआ।
जांच के दौरान वन विभाग की टीम का ग्रामीणों ने किया विरोध
घटना की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार को वन विभाग की टीम जांच के लिए गांव पहुंची थी। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए वन अमले को घेर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव ने जांच के लिए विशेष टीम गठित की।
इस टीम में उप वनमंडलाधिकारी मणिकांत वर्मा, रेंजर दीपा भगत और पसरखेत रेंजर देवदत्त खांडे को शामिल किया गया। जांच के बाद वन विभाग ने मामले में तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वन विभाग की अपील: हाथियों का पीछा न करें
वन विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में सतर्कता बरतें और उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखें। हाथियों को भगाने के लिए ट्रैक्टर या अन्य वाहनों से उनका पीछा न करें और न ही उन्हें परेशान करने की कोशिश करें।
विभाग ने चेतावनी दी है कि इस तरह की गतिविधियां जानलेवा साबित हो सकती हैं। इससे ग्रामीणों की जान को खतरा रहता है, वहीं हाथी भी आक्रामक होकर हमला कर सकते हैं। हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर वन विभाग को जानकारी दें और खुद जोखिम उठाने से बचें।











