रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में जनदर्शन कार्यक्रम के जरिए प्रदेशभर से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं। इस दौरान अलग-अलग जिलों से आए ग्रामीणों और युवाओं ने सड़क, आवास और रोजगार से जुड़ी अपनी परेशानियां मुख्यमंत्री के सामने रखीं। जनदर्शन में लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
मुंगेली के ग्रामीण की शिकायत- आजादी के बाद से गांव में सड़क नहीं
जनदर्शन में मुंगेली जिले से पहुंचे एक ग्रामीण ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके गांव में आजादी के बाद से अब तक सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण ने गांव तक सड़क निर्माण कराने की मांग रखी।
7 साल से अटकी स्वच्छता निरीक्षक भर्ती, रोजगार की मांग
एक युवक ने स्वच्छता निरीक्षक भर्ती का मामला उठाया। उसने बताया कि यह भर्ती पिछले सात वर्षों से अटकी हुई है। रोजगार की मांग को लेकर वह मुख्यमंत्री निवास पहुंचा और भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने की मांग की।
सिंगल होने के कारण नहीं मिल रहा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले से पहुंचे लक्ष्मीकांत शर्मा ने अपनी आवास संबंधी समस्या मुख्यमंत्री के सामने रखी। उन्होंने बताया कि अविवाहित यानी सिंगल होने के कारण उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उनका दावा है कि वे पिछले आठ वर्षों से आवास योजना का लाभ पाने के लिए भटक रहे हैं।
प्रदेशभर से समस्याएं लेकर पहुंचे लोग
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं। लोग अपनी व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर रहे हैं। मुख्यमंत्री उनकी शिकायतें सुन रहे हैं। अब इन मामलों में संबंधित विभागों की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर लोगों की नजर रहेगी।











