Saturday, September 19, 2026

क्राइम पेट्रोल की सीख भी काम नहीं आई, 24 घंटे में धरा गया चोरी का आरोपी

अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस के हत्थे ऐसा चोर पड़ा है, जो यूट्यूब और क्राइम पेट्रोल देख कर नए-नए तरीके से चोरी किया करता था. चोरी के बाद उसकी पूरी कवायद होती थी कि वह न पकड़ा जाए, इसके लिए वह अकेले ही वारदात को अंजाम दिया करता था. लेकिन पुलिस ने उसकी सोच से आगे जाकर न केवल गिरफ्तार किया, बल्कि चोरी का सामान भी जब्त कर लिया है.

सरगुजा पुलिस ने रविवार को सरगुजा कमिश्नर कार्यालय के सामने हुए लाखों की चोरी का खुलासा किया. पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम कामले ने बताया कि चोरी की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने चोर तक पहुंचने के लिए सात टीमों का गठन किया था. टीमों ने बेहतर समन्वयक के साथ काम करते हुए महज 24 घंटे के अंदर आरोपी को पकड़कर चोरी का माल बरामद कर लिया है.