कोरबा। जिले में सिटी बस सेवा का हाल बेहाल है. आलम ये है कि प्रतीक्षा बस स्टैंड दर्री में 49 सिटी बसें अब कबाड़ होने लगी है, जबकि नगर निगम प्रशासन ने सिटी बस सेवा से अपना पल्ला ही झाड़ लिया है. ऐसे में आम नागरिकों को रियायत दर पर आवागमन की सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है. फिलहाल सिटी बस सेवा कब शुरू होगी इसका कोई ठिकाना नही है.
बता दें कि सिटी बस की सेवा पिछले दस माह से ठप है। लाकडाउन में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने बस परिचालन बंद कर दिया गया, पर स्थिति सामान्य होने के बाद भी बस सड़कों पर नहीं लौट सकी। कोविड-19 के प्रोटोकाल के अनुरूप शारीरिक दूरी रखते हुए पुरानी दर पर ही बस संचालन में नुकसान का हवाला देते हुए परिचालन कंपनी ने हाथ खड़े कर दिए और बस पिछले कई माह से डिपो में ही खड़ी हैं। जनहित के लिए बनी योजना में सिटी बस सरकारी होकर भी आमजन इसकी सुविधा से दूर हो गई। लोगों को सड़क पर बोझा उठाए परिवार व बच्चों को लेकर पैदल चलने मजबूर होना पड़ रहा है। निगम अधिकारियो के कमाई के लिए बनाई गई इस योजना का लाभ जनता को तो नहीं मिला पर लाभ निगम के लाभकारी कहे जाने अधिकारियो को जरुरु मिला है।










