सरकार ने शुक्रवार को कहा कि देश में ओमिक्रॉन के 358 मामले सामने आए हैं और इनमें से 114 रिकवर हो गए हैं। यह आंकड़ा शुक्रवार सुबह तक का है। पॉजिटिविटी रेट भी दुनिया भर के एवरेज से कम है। स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि विश्व में केस पॉजिटिविटी रेट 6% से ज्यादा है। भारत में केस पॉजिटिविटी 5.3% है। पिछले 2 सप्ताह के दौरान भारत में केस पॉजिटिविटी दर 0.6% ही रही है।
भूषण ने कहा कि इस बात के सबूत हैं कि कोविड की पहली लहर और डेल्टा वैरिएंट के समय अपनाए ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल ऑमिक्रोन पर भी प्रभावी साबित हुए हैं। उन्होंने केरल और मिजोरम में मामले बढ़ने को लेकर चिंता जताई। कहा कि देश में फिलहाल 20 जिले ऐसे हैं, जिनमें केस पॉजिटिविटी रेट 5 से 10% के बीच है। इनमें से 9 केरल में और 8 जिले मिजोरम में हैं। देश में महज 2 जिलों में केस पॉजिटिविटी रेट 10% से ज्यादा है और ये दोनों जिले मिजोरम में हैं।
स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि भारत में कोविड मामले लगातार घट रहे हैं। पिछले 2 सप्ताह से रोजाना 7000 के करीब मामले बने हुए हैं।
