Wednesday, September 30, 2026

IED ब्लास्ट की चपेट में आने से 4 जवान घायल:बीजापुर में एरिया डोमिनेशन पर निकले थे, अचानक IED के ऊपर पैर आने से हुआ धमाका

बीजापुर जिले में प्रेशर IED की चपेट में आने से CRPF के 4 जवान घायल हो गए हैं। सभी घायल जवानों को बीजापुर जिला अस्पताल लाया गया है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह से ही CRPF 153वीं बटालियन के जवान एरिया डोमिनेशन के लिए बीजापुर-भोपालपटनम मुख्य सड़क पर निकले थे, तभी ब्लास्ट हुआ है। घटना बीजापुर जिला मुख्यालय से महज 10 किमी की दूरी पर ही हुई है। बीजापुर के ASP पंकज शुक्ला ने मामले की पुष्टि की है।

जानकारी के मुताबिक, CRPF के जवान रोज की तरह इलाके में एरिया डोमिनेशन के लिए निकले थे। इस बीच बीजापुर-भोपालपटनम-उसूर के टी पॉइंट पर सड़क के किनारे माओवादियों ने जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए पहले से ही प्रेशर IED लगा रखी थी। इस बीच सर्चिंग करने के दौरान अचानक IED पर जवानों का पैर आ गया। जिससे जोर का धमाका हुआ। ब्लास्ट की चपेट में आने से कुल 4 जवान जख्मी हो गए। सभी घायल जवान CRPF 153वीं बटालियन के ही हैं।