Tuesday, August 4, 2026

ओडिशा में बंधक बनाए गए युवक का रेस्क्यू:गांजा तस्करों ने रुपयों के लिए किया था अपहरण, पिटाई का वायरल वीडियो देख आरोपियों तक पहुंची पुलिस

छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य ओडिशा में एक युवक को बंदी बनाकर बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। जिस युवक की पिटाई की गई है वह CG के भिलाई का रहने वाला है। पिटाई कर प्रताड़ित करने का वीडियो वायरल होने के बाद CG पुलिस हरकत में आई। फिर लगभग 48 घंटे के रेस्क्यू के बाद युवक को बदमाशों के चंगुल से छुड़ाया और 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि मामले में शामिल 3 युवक अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। जिनकी तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी गांजा तस्कर हैं। उन्होंने लेनदेन के विवाद पर युवक का अपहरण किया था।

जानकारी के मुताबिक, भिलाई का रहने वाला युवक सतीश गंधर्व पिछले कुछ दिनों से लापता था। परिजनों ने सुपेला थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इस बीच लगभग 3 दिन पहले एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कुछ युवक सतीश गंधर्व की पिटाई करते दिख रहे थे। जब नारकोटिक्स टीम ने मामले की जांच की तो मामला ओडिशा के कालाहांडी क्षेत्र का था। जहां CG पुलिस की 2 टीमों को भेजा गया था। आरोपी युवक पुलिस को चकमा देकर जंगलों में भागते रहे। कालाहांडी के ताल नुआगांव, मोहनगिरी, मनीखेरा के घने जंगलो में लगातार दबिश दी गई।