Sunday, May 10, 2026

अमेरिका ने की पुतिन पर नकेल कसने की तैयारी:ब्रिटेन-फ्रांस को साथ लेकर 8 देशों का संगठन बनाया, रूसी अरबपतियों की संपत्ति जब्त करेंगे

यूक्रेन जंग के बीच अमेरिका रूस पर दबाव बनाने के लिए कई तरह के जतन कर रहा है। इस बीच उसने 8 देशों के साथ मिलकर रूसी अरबपति जिन्हें ओलिगार्क भी कहा जाता है, उनकी सम्पत्ति जब्त करने के लिए टास्क फोर्स का गठन किया है। इस नए संगठन में अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, फ्रांस, जापान, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी और इटली शामिल हैं। अब इन देशों में रूसी अरबपतियों की संपत्ति जब्त की जाएगी।

अमेरिकी ट्रेजरी डिपार्टमेंट की प्रेस रिलीज के मुताबिक, डिपार्टमेंट के सीनियर अफसरों ने ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, जर्मनी, फ्रांस, इटली, जापान, ब्रिटेन और यूरोपियन यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात की। इस दौरान ‘रूसी ओलिगार्क टास्क फोर्स’ के गठन पर बात हुई। सबसे पहले टास्क फोर्स की घोषणा 26 फरवरी को की गई थी।

इस ग्रुप के सभी सदस्य अपने देश में ओलिगार्क के खिलाफ दर्ज बैन, प्रॉपर्टी फ्रीजिंग और क्रिमिनल केस की जानकारी एक दूसरे से साझा करेंगे। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने 2 मार्च को अपने पहले ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ संबोधन में रूसी अरबपतियों के यॉट, लक्जरी अपार्टमेंट और निजी जेट को जब्त करने के लिए एक स्पेशल टास्क फोर्स के गठन ऐलान किया था।