Sunday, May 10, 2026

सिब्बल पर भड़के सिंहदेव:कपिल सिब्बल को कांग्रेस से निकालने की मांग उठाई, कहा – सहिष्णुता की वजह से कांग्रेस कमजोर

पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल के बयानों पर विवाद जारी है। गुरुवार को छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने बयान को अपमानजनक बताते हुए सिब्बल को पार्टी से निकालने की मांग उठा दी। उन्होंने यहां तक कह दिया कि कांग्रेस की कमजोरी की वजह यही सहिष्णुता है।

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने गुरुवार को सोशल मीडिया के जरिए हमले की शुरुआत की। कपिल सिब्बल का बयान साझा करते हुए उन्होंने लिखा, कपिल सिब्बल का हर तरह से अपमानजनक बयान! इस कार्यप्रणाली सुधार में लिए जा रहे कड़े फैसलों के बीच, कपिल सिब्बल को CWC के संयुक्त निर्णय के खिलाफ अपनी व्यक्तिगत और अप्रिय राय को सार्वजनिक करने के लिए पार्टी से निष्कासित किया जाना चाहिए। बाद में दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने कहा, मेरी निजी राय है कि ऐसे लोगों को पार्टी से निकाल देना चाहिए। उन्हें अपनी पार्टी बनानी चाहिए। अनुशासनहीनता स्वीकार्य नहीं है। सिंहदेव ने कहा, मुझे लगता है कि कांग्रेस पार्टी की कमजोरी का कारण यह सहिष्णुता भी है। यह कोई तरीका नहीं है कि कोई सार्वजनिक रूप से अध्यक्ष का इस्तीफा मांगे।