
पश्चिम बंगाल के बीरभूम में TMC नेता की हत्या के बाद हिंसा भड़की और 10 लोगों की हत्या कर दी गई। बीरभूम में हुई हिंसा के बाद ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और सच की पड़ताल की। बीरभूम जिले के रामपुरहाट थाने से महज 2 किलोमीटर दूर स्थित है बकडुई गांव। यहां मंगलवार की रात 10 लोगों को जिंदा जला दिया गया। उस गांव में सुबह से ही अजीब-सा माहौल था।
बकडुई गांव में पीड़ितों के घरों के पास पहुंचते ही शरीर के जलने की दुर्गंध आ रही थी, जिससे किसी का भी मन सिहर उठेगा। गांव में दहशत है। गांव के बाहर करीब 2 किलोमीटर दूर पुलिस बल की तैनाती है। पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। खौफ के बीच जिस घर में आग लगाकर लोगों को जिंदा मारा गया था, उसके आसपास के कई घरों में ताले लटके हुए हैं।
सोना शेख नाम के शख्स के घर में 10 लोगों को जिंदा जलाकर मारा गया है। पड़ोसी शाह आलम शेख बताते हैं कि घटना मंगलवार रात करीब 8:00 बजे की है, जब वह नमाज पढ़ कर घर आ रहे थे। मृतक सोना शेख शाह आलम शेख के मामा के लड़के हैं। शाह आलम कहते हैं- TMC नेता भादू शेख के साथ सोना शेख का झगड़ा पिछले एक साल से चल रहा था। सोमवार को बम से मारकर भादू शेख की हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद भादू शेख के समर्थकों ने सोना शेख के घर पर बम से हमला कर दिया। फिर आग लगा दी, जिसमें घर में छिपे 10 लोग जिंदा जल गए।










