
जशपुर में कुछ लोगों ने भूत-प्रेत का डर दिखाकर एक महिला से दो लाख रुपए से ज्यादा की ठगी कर ली। पूजा-पाठ कराने के नाम पर शातिर ठग कपड़े में कागज के बंडल देकर रुपए और गहने ले भाग निकले। ठगों ने उसे कपड़े में बांधकर कागज के बंडल दिए और गहने-रुपए बताकर उसकी पूजा करने को कहा। जब महिला ने तीन दिन बाद कपड़ा खोला तो उसे ठगी का पता चला। इसके बाद वह थाने पहुंची और FIR दर्ज कराई।
जानकारी के मुताबिक, कुनकुरी क्षेत्र के कमतरा गांव निवासी महिला शीलवन्ती बाई पत्नी जातरू राम 31 मार्च को घर में अकेली थी। तभी महिला, पुरूष और बच्चे सहित 8 लोग उसके घर के पास आए। सभी रात में वहीं रुके और खाना भी बनाकर खाया। शीलवन्ती बाई ने देखा तो उनसे बातचीत शुरू कर दी। ठगों ने उसे बातों में फंसाया और घर की समस्या के बारे में पूछने लगे। इस पर शीलवन्ती बाई ने उन्हें सब बता दिया।








