
कोरबा / प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने आज कहा है कि छत्तीसगढ़ राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं उत्तम शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार लगातार कार्य कर रही है तथा इस दिशा में विगत 03 वर्षो में अनेक उपलब्धियॉं हासिल की गई हैं। उन्होने कहा कि गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई कर सकें, उन्हें उच्च गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्राप्त हो, इस हेतु राज्य सरकार ने जगह-जगह पर स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोले हैं तथा उच्च स्तर की शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं।
उक्ताशय के विचार राजस्व मंत्री अग्रवाल ने बालको नगर सेक्टर-3 में छात्राओं को सायकल वितरण के कार्यक्रम के अवसर पर व्यक्त किए। नगर पालिक निगम केारबा के बालको जोनांतर्गत वार्ड क्र. 38 सेक्टर-3 बालकोनगर स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सरस्वती सायकल योजनांतर्गत छात्राओं को निःशुल्क सायकल वितरण का कार्यक्रम रखा गया था, कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान करते हुए छात्राओं को सायकलों का वितरण किया तथा उन्हें उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। इसके पूर्व राजस्व मंत्री अग्रवाल ने मॉं सरस्वती की पूजा अर्चना व दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री
अग्रवाल ने आगे कहा कि आज इस विद्यालय में अच्छी क्वालिटी की सायकलों का वितरण छात्राओं को किया जा रहा है, छात्राओं को सायकल उपलब्ध हो जाने से उन्हें घर से विद्यालय व विद्यालय से घर आने जाने में काफी सहूलियत हो जाएगी, उनके श्रम एवं समय की बचत होगी, जिसका उपयोग वे अपने अध्ययन कार्यो में कर सकेंगी। उन्होने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप खूब पढ़े, आगे बढे़ तथा जिले व प्रदेश का नाम रौशन करें। राजस्व मंत्री अग्रवाल ने आगे कहा कि नगर निगम कोरबा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित सभी विद्यालयों का जीर्णोद्धार, उन्नयन एवं वहॉं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्य किया जाएगा, इस दिशा में कायवाही की जा रही है।.








