Friday, September 18, 2026

आतंकियों ने बड़गाम में राजस्व विभाग के सरकारी कर्मचारी को गोली मारी, कश्मीरी हिंदू कर्मचारी राहुल भट्ट की मौत

श्रीनगर आतंकियों ने वीरवार को चाडूरा (बड़गाम) तहसीलदार कार्यालय में दाखिल हो एक कश्मीरी हिंदु कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात की जिम्मेदारी कश्मीर टाइर्ग्स नामक आतंकी संगठन ने ली है। घाटी में बीते डेढ़ माह के दौरान कश्मीरी हिंदुओं और देश के अन्य राज्याें से रोजी-रोटी कमाने आए गैर मुस्लिमों पर यह छठा आतंकी हमला है। इस दौरान कश्मीरी हिंदुओं में तीन हमले हुए हैं जिनमें दो कश्मीरी हिंदु मारे गए हैं। आज मारे गए कश्मीरी हिंदु का नाम राहुल भट्ट है। वह मूलत: जिला बड़गाम का ही रहने वाला है।

यहां मिली जानकारी के अनुसार, तहसीलदार चाडूरा के कार्यालय में आज दोपहर पर अन्य दिनों की तरह ही लोगों की भीड़ लगी हुई थी। दोपहर बाद अचानक दो युवक जो आतंकी थे, जमीन के दस्तावेज बनवाने के बहाने कार्यालय में दाखिल हुए। उन्होंने सीधे उस कक्ष का रुख किया,जहां एक कश्मीरी हिंदु कर्मचारी राहुल भट्ट बैठ अपने काम को निपटा रहा था। दो आतंकियों में से एक बिल्कुल उनकी मेज के पास जाकर खड़ा हुआ और उसने अपने कपड़ों से पिस्तौल निकाल राहुल भट्ट पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई।इससे राहुल भट्ट खून से लथपथ हो जमीन पर गिर पड़ा। गोलियों की आवाज से जहां पूरे परिसर में हड़कंप मच गया, लाेग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। तहसील परिसर में मौजूद सुरक्षाकर्मी जब तक मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालते, आतंकी वहां मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर भाग निकले। घायल राहुल भट्ट को उसी समय उपचार के लिए श्रीनगर के महाराजा हरि सिंह अस्पताल में लाया गया, लेकिन वह रास्ते में ही अपने जख्मों की ताव न सहते हुए चल बसे।