सीएम से मिलने को लेकर अड़े किसान, चंडीगढ़-मोहाली बार्डर पर धरना शुरू, भगवंत मान पहुंचे अरविंद केजरीवाल से मिलने

मोहाली। संयुक्त किसान मोर्चा ने आज अपनी मांगों को लेकर चंडीगढ़-मोहाली बैरियर के पास स्थायी तौर धरना देना शुरू कर दिया है। किसान मुख्यमंत्री भगवंत मान से मिलने को लेकर अड़े हैं। कहा कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती तब तक वह वहां से नहीं उठेंगे।

किसानों ने बीते कल ही यह चेतावनी दी थी कि उनकी मांगों को न माना गया तो वह पक्का मोर्चा लगा देंगे। आज सुबह आम आदमी पार्टी की ओर से कहा गया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किसान संगठनों को अपने आवास पर मुलाकात के लिए बुलाया है, लेकिन जब दोपहर तक यह बैठक नहीं हुई।

वहीं, मुख्यमंत्री भगवंत मान आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मिलने दिल्ली रवाना हुए तो गुरुद्वारा अंब साहिब में बैठे किसानों ने चंडीगढ़ के लिए कूच कर दिया। बैरियर पर चंडीगढ़ और पंजाब पुलिस ने उन्हें रोक लिया, लेकिन वह बैरिकेड तोड़कर चंडीगढ़ में घुस गए। आगे नहीं बढ़ने देने पर वह वहीं पक्का धरना लगाकर बैठ गए।

23 जत्थेबंदियां व उनके सैकड़ों समर्थकों ने अपना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारियों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं। किसान अपनी मांगों को मनवाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ मीटिंग के लिए जोर दे रहे हैं।