
देवबंद में चल रहे जमीयत सम्मेलन के दूसरे दिन महमूद असद मदनी ने मुसलमानों से सब्र और हौसला रखने की अपील की। उन्होंने कहा, “UP में सरकार आने के तीन दिनों बाद देवबंद से एक लड़का रेप केस में जेल गया। हम इसी देवबंद में स्काउट एंड गाइड के साथ मिलकर एक सेंटर बनाना चाहते हैं, जिसे दहशतगर्दी का अड्डा बताया जा रहा है। 6 दिन पहले हापुड़ में बन रही जमीयत की बिल्डिंग को बिना नोटिस सील कर दिया गया। हम यह बताना चाहते हैं कि कितना कुछ सहने के बाद भी हम चुप हैं। पिछले 10 साल से हम सब्र ही कर रहे हैं। फिर भी हमें परेशान होने की जरूरत नहीं है।”
अच्छी तरह समझ लीजिए… ये हमारा मुल्क है : महमूद असद मदनी
महमूद असद मदनी ने कहा, “अगर वो अखंडता की बात करें तो वो धर्म है, अगर हम बात करें तो वो तंज माना जाता है। अगर इस मुल्क के लिए हमारी जान जाएगी तो यह हमारा सौभाग्य होगा। हम तुम्हें बताने की कोशिश कर रहे हैं, डराने की नहीं। तुम डराते हो और हम सिर्फ बता रहे हैं। डराना बंद कर दो। अपनों को भी डराना बंद कर दो और जिनको तुम गैर समझते हो उनको भी डराना बंद कर दो। हम गैर नहीं हैं। इस मुल्क के शहरी है। ये मुल्क हमारा है। अच्छी तरह समझ लीजिए… ये हमारा मुल्क है। अगर तुमको हमारा मजहब बर्दाश्त नहीं है तो कहीं और चले जाओ। वो बार-बार पाकिस्तान जाने को कहते हैं। हमें पाकिस्तान जाने का मौका मिला था, जिसे हमने रिजेक्ट कर दिया था।”











