Thursday, July 16, 2026

नए बने सक्ती जिले में मुख्यालय को लेकर हंगामा:सड़क पर काले झंडे लेकर निकले लोग;शहर से 10 किमी दूर कलेक्ट्रेट बनाने का विरोध

जांजगीर-चांपा से अलग होकर बना नया जिला सक्ती के मूर्त रूप लेने से पहले ही मुख्यालय को लेकर विवाद शुरू हो गया है। प्रशासन ने मुख्यालय के लिए जेठा का चयन किया है। यह जगह सक्ती शहर से करीब 10 किमी दूर है। इसे लेकर विरोध में गुरुवार को लोगों ने सक्ती शहर पूरी तरह से बंद रखा। लोग काले झंडे लेकर लोग सड़क पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। लोग चाहते हैं कि जिला मुख्यालय शहर में ही हो, उससे बाहर नहीं।

दरअसल, नवगठित जिला सक्ती में OSD की नियुक्ति के साथ ही प्रशासनिक कार्यालयों के संचालन के लिए स्थान की तलाश की जा रही है। जिला प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कलेक्ट्रेट के लिए क्रांति कुमार कॉलेज जेठा, SP ऑफिस के लिए शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल जेठा और आरआई केंद्र के संचालन के लिए पंडित दीनदयाल स्टेडियम का चयन किया है। इसके लिए आदेश भी जारी हो गया है।

इस आदेश के सामने आते ही लोगों ने प्रशासनिक निर्णय का विरोध भी शुरू कर दिया है। जिला संघर्ष मोर्चा सक्ती के बैनर तले लोग लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। इसमें व्यापारी नेता, अधिवक्ता, ऑटो चालक संघ, अन्य संगठनों के साथ BJP और कांग्रेस कार्यकर्ता भी शामिल हैं। सभी सक्ती जिला का मुख्यालय नगर में बनाने की मांग कर रहे हैं। इसके विरोध में गुरुवार को शहर बंद करा दिया। लोग प्रशासन के निर्णय के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।