Friday, July 17, 2026

CG में बोरवेल में गिरा बच्चा:घर के पीछे खेलने के दौरान हादसा;करीब 50 फीट नीचे फंसा है राहुल, रेस्क्यू जारी

जांजगीर जिले में 10 साल का बच्चा खुले बोरवेल में गिर गया है। घटना के वक्त वह घर के पीछे खेल रहा था। उसी दौरान ये हादसा हो गया। परिजनों को तब इस बात की जानकारी लगी, जब किसी ने गड्‌ढे की तरफ रोने की आवाज सुनी। हादसा मालखरौदा थाना क्षेत्र के पिहारिद गांव का है।फिलहाल रेस्क्यू जारी है।

पिहारिद गांव का राहुल साहू (10) पिता लाला साहू रोज की तरह दोपहर में घर के पीछे अपनी ही बाड़ी में खेल रहा था। दोपहर 2 बजे के बाद से उसका कुछ पता नहीं चला है। परिजन भी इस बात से बेखबर थे। पता चला है कि उन्हें इस बारे में तब पता चला, जब घर के ही कुछ लोग बाड़ी की तरफ गए। उस दौरान राहुल के रोने की आवाज आ रही थी। गड्‌ढे के पास जाकर देखने पर पता चला कि आवाज अंदर से आ रही है।

अब तक मिली जानकारी के अनुसार रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जा चुका है। बोरवेल का गड्‌ढा 80 फीट गहरा है। बच्चा लगभग 50 फीट गहराई में फंसा है। मौके पर आस-पास के लोग भी पहुंच गए हैं। पुलिस की टीम और प्रशासन भी मौके पर मौजूद है।बोरवेल से लगातार बच्चे की आवाज सुनाई दे रही है।

प्रशासन की टीम ने कैमरे के माध्यम से उसकी तस्वीर ली है। तस्वीर में उसके सिर का हिस्सा मूवमेंट करता नजर आ रहा है। प्रशासन ने गड्‌ढे के बगल से जेसीबी की मदद से खुदाई शुरू कर दी है। अब तक करीब 10 फीट गड्‌ढा बगल से खोद लिया गया है। प्रशासन की टीम की तरफ से लगातार प्रयास जारी है कि उसे सही सलामत जल्दी निकाल लिया जाए।