
राहुल गांधी से नेशनल हेराल्ड केस में ED ऑफिस में तीन अफसर पूछताछ कर रहे हैं। राहुल के साथ पैदल मार्च करके कांग्रेस मुख्यालय से निकले कांग्रेस नेताओं को एक किमी पहले रोक लिया गया तो वह सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। पुलिस ने धरना दे रहे कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला समेत अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया है। राहुल से पूछताछ शुरू होने के बाद प्रियंका गांधी ED ऑफिस से लौट गई हैं।
राहुल की पेशी के पहले प्रियंका गांधी वाड्रा उनसे मिलने उनके घर पहुंची थीं। यहां से राहुल-प्रियंका कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे और पार्टी नेताओं के साथ बैठक की। बैठक के बाद राजस्थान के CM अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल समेत पार्टी के सांसद और अन्य नेता के साथ पैदल ही ED ऑफिस के लिए निकले थे। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर कांग्रेस के मार्च को रोक लिया और नेताओं को आगे नहीं जाने दिया था। राहुल गांधी कार से प्रियंका के साथ ED मुख्यालय पहुंचे थे।
ED दफ्तर के पास थ्री-लेयर सुरक्षा घेरा है। पहले घेरे के पास ही पुलिस ने कांग्रेस का मार्च रोक लिया था। यहां कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। इससे पहले सोमवार सुबह राहुल गांधी से जांच के विरोध में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय से हिरासत में ले लिया था। पुलिस कांग्रेसियों को बस में बैठाकर ले गई थी। कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय से ED ऑफिस तक का रास्ता सील कर दिया था।
राहुल गांधी से पूछताछ के विरोध में कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा- नेशनल हेराल्ड में कोई घोटाला नहीं हुआ। नेशनल हेराल्ड कंपनी ने यंग इंडिया कंपनी का बकाया चुकाया है और कर्मचारियों का वेतन दिया। हमने भाजपा सरकार की तरह भारत की सरकारी संपत्तियों को बेचा नहीं है।









