Monday, March 16, 2026

भारी विरोध प्रदर्शन के बीच जांच एजेंसियों का सभी राज्यों को अलर्ट, हरियाणा में एक्शन- दिल्ली में आहट

केंद्र सरकार की सशस्त्र बलों में भर्ती की अग्निपथ योजना (Agnipath Protest) का ज्यादातर राज्यों में जमकर विरोध हो रहा है। राजधानी दिल्ली, यूपी और हरियाणा (Delhi, UP and Haryana) समेत बिहार से विरोध प्रदर्शन की खबरें आ रही हैं। इसी बीच केंद्रीय जांच एजेंसियों ने अलर्ट जारी कर दिया है। एजेंसियों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश बताया है साथ ही हरियाणा में इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, देश में जबरदस्त हंगामे के बीच केंद्रीय जांच एजेंसियों ने कहा है कि सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने की साजिश है। वहीं दूसरी तरफ दिल्ली के उत्तपूर्वी इलाकों से हंगामे के कोशिश की खबर है।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी इलाके में वजीराबाद रोड कुछ लोग इस योजना का विरोध करते हुए बाहर निकल आए और बस को निशाना बनाने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को पूरी तरह से कंट्रोल कर लिया है। पुलिस ने कहा कि उपद्रवियों के खिलाफ दंगा का मामला दर्ज किया जाएगा। खजूरी, भजनपुरा और करावल नगर में दुकानों को बंद कर दिया है। इसके अलावा दिल्ली से सटे हरियाणा में भी अग्निपथ योजना को लेकर हंगामा हुआ। जिसके बाद सरकार ने अग्निपथ सैन्य योजना के खिलाफ आंदोलन के कारण राज्य में संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति के मद्देनजर मोबाइल इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं को निलंबित कर दिया है। यह तत्काल आदेश अगले 24 घंटों तक यानी कि 18 जून की शाम साढ़े 4 बजे तक लागू रहेगा।