Monday, October 12, 2026

युवती को मारा, फिर पॉलीथिन से बांधकर फेंकी लाश:तालाब में पत्थर से बंधा मिला शव; नहाने गए लोगों ने देखा, तब खुला मामला

जांजगीर-चांपा जिले में एक युवती की निर्मम हत्या कर दी गई है। आरोपियों ने उसे पहले तो मार दिया। फिर पॉलीथिन से बांधकर उसके शव को तालाब में फेंक दिया था। लोगों को पता न चले इसलिए आरोपियों ने युवती के शव को पत्थर से भी बांध दिया था। इसके बावजूद उसका शव पानी में ऊपर आ गया और नहाने गए लोगों की नजर पड़ गई। जिसके बाद यह पूरा मामला सामने आया है। मामला बिर्रा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, तालदेवरी निवासी सुमन यादव (21) पिता मोहन यादव 21 जून को दिन के समय से लापता थी। पिछले 4 दिन से उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा था। इसके बाद शुक्रवार को उसके परिजनों ने उसके गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस भी युवती की तलाश में थी, पर सुमन का कुछ पता नहीं चल पा रहा था। सुमन ने 12वीं तक पढ़ाई की थी। 12वीं के पढ़ाई के बाद से वह घर पर ही रहती थी।