Saturday, October 10, 2026

करप्शन केस में पकड़े गए IAS पोपली का आरोप:​​​​​​​विजिलेंस ने मेरे सामने बेटे को गोली मारी; अब मुझे भी कत्ल कर देंगे

करप्शन केस में फंसे पंजाब के सीनियर IAS अफसर संजय पोपली ने कहा कि उनके बेटे कार्तिक का मर्डर हुआ है। विजिलेंस ने उनके सामने ही बेटे को खड़ा कर गोली मारी। मैं इसका चश्मदीद हूं। अब यह मुझे भी कत्ल करने के लिए ले जा रहे हैं। पोपली को शनिवार देर रात अस्पताल ले जाया गया था, जहां मीडिया के सामने उन्होंने यह बात कही।

पोपली ने अपने बेटे की मौत के लिए विजिलेंस के DSP अजय कुमार को जिम्मेदार ठहराया। इससे पहले उनकी पत्नी ने भी विजिलेंस पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया था। हालांकि, विजिलेंस ने इन आरोपों को नकारते हुए कहा है कि उनकी टीम के पोपली के घर के लौटने के बाद बेटे की मौत हुई।

कार्तिक की मां श्री पोपली ने भी शनिवार को बेटे की मौत के लिए विजिलेंस को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने कहा कि उनके बेटे को विजिलेंस घर की ऊपरी मंजिल पर ले गई थी। वहां उसे गोली मारी गई है। उन्होंने कहा कि जब तक उनके बेटे की मौत के जिम्मेदार पुलिस वालों की वर्दी नहीं उतरवा देती, तब तक खून लगे हाथ नहीं धोऊंगी।

विजिलेंस के DSP अजय कुमार ने कहा कि उनकी टीम ने रेड जरूर की थी, लेकिन कार्तिक पोपली की मौत से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उनकी टीम जब वापस लौट चुकी थी, तब उन्हें इसका पता चला। वे तो घर के भीतर भी नहीं गए। संजय पोपली के कबूलनामे पर ही घर के आंगन में बने स्टोररूम से सोने-चांदी की रिकवरी की गई है।