Thursday, August 20, 2026

मशरूम खाकर एक ही परिवार के 9 लोग बीमार:उल्टी-दस्त से 4 बच्चों की हालत गंभीर; कवर्धा में सब्जी समझकर खाया जहरीला पदार्थ

कवर्धा में एक ही परिवार के 9 लोगों को फूड प्वाइजनिंग हो गई। इनमें 4 बच्चे भी शामिल हैं। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। रविवार देर रात तबीयत बिगड़ने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल में भर्ती कराया। सभी ने रात में मशरूम की सब्जी खाई थी। इसे कहां से लाया गया था, यह तो पता नहीं चल सका है, लेकिन उनके जहरीले होने की बात सामने आ रही है। मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का ही है।

जानकारी के मुताबिक, भागुटोला गांव निवासी गौकुर साहू के परिवार ने रविवार रात को बांस पिहरी (मशरूम) की सब्जी खाई थी। इसके बाद सोने चले गए। रात करीब 2 बजे एक-एक कर लोगों को उल्टी और दस्त शुरू हो गए। बच्चे भी पेट दर्द से तड़पने लगे। यह देखकर परिवार के किसी सदस्य ने डायल-112 को सूचना दी। थोड़ी देर में पुलिस पहुंची तो परिवार के ज्यादातर सदस्य बेसुध हो चुके थे। इस पर सभी को अस्पताल भेजा गया।