
कोरबा। एसईसीएल रजगामार की 4-5 नंबर की भूमिगत खदान का भारी-भरकम बंकर भरभराकर कोयला लोड के लिए नीचे खड़ी हाइवा पर गिर गया। एक कर्मचारी के दबने से एसईसीएल प्रबंधन की ओर से रेस्क्यू अभियान शुरू करने की जानकारी सामने आई है। वही आधिकारिक तौर चौकी प्रभारी रजगामार ने बताया पंप ऑपरेटर राधेश्याम साहू की मृत्यु हुआ है जिसे रेस्क्यू करके निकाला गया है। वही भूमिगत खदानों में कोयला को बेल्ट से बंकर तक पहुंचाया जाता है,यहां पर जमा हुए कोयले को हाइवा समेत कोल परिवहन में लगी अन्य भारी वाहनों को बारी-बारी से खड़ी कराकर लोड किया जाता है। संभवत: एसईसीएल रजगामार की खदान में बंकर के नीचे खड़ी हाइवा में कोयला लोड होने का चालक को इंतजार था। अचानक इस खदान के बंकर भरभराकर नीचे गिरने से यहां काम पर पहुंचे एसईसीएल कर्मियों में हड़कंप मच गया। सूचना कंपनी के अफसरों को दी गई। रजगामार चौकी से पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची।











