Wednesday, August 19, 2026

असम में रनवे पर फिसली इंडिगो की फ्लाइट:जोरहाट में विमान के पहिए कीचड़ में फंसे, सभी 98 यात्री सुरक्षित, फ्लाइट कैंसिल

असम के जोरहाट से कोलकाता जा रहा इंडिगो का विमान रनवे पर फिसल गया। विमान रनवे से उतरकर मैदान में चला गया और उसके पहिए कीचड़ में फंस गए। विमान में सवार सभी 98 यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया।

घटना गुरुवार दोपहर 2.20 बजे की है। अधिकारियों ने बताया कि फ्लाइट 6E757 रनवे से फिसली थी। इसके चलते पहले इसे डिले किया गया फिर रात 8.15 बजे फ्लाइट को कैंसिल कर दिया गया।

इंडिगो प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से कोलकाता भेजा गया है। एयरपोर्ट अथोरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के अधिकारियों ने माना है कि विमान में कुछ तकनीकी खराबी थी, जिसकी वजह से हादसा हुआ। AAI और इंडिगो इस घटना की जांच कराएंगे।

स्पाइसजेट के विमान की भी हुई थी कॉशन लैंडिंग
गुरुवार को ही मुंबई से गुजरात के कांडला जा रहे स्पाइसजेट के एक विमान की वापस मुंबई में कॉशन लैंडिंग कराई गई। सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं। पिछले 40 दिन में स्पाइसजेट के विमान में उड़ान के बाद तकनीकी खराबी के कारण वापस लैंडिंग कराने का यह 9वां मामला था। DGCA के अधिकारी ने कहा कि इसकी जांच शुरू कर दी गई।

एक दिन पहले ही नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने स्पाइसजेट के 50% उड़ानों पर दो महीने के लिए रोक लगा दी थी। इस दौरान DGCA स्पाइसजेट की उड़ानों पर खास निगरानी करेगा। स्पाइसजेट ने कहा था कि DGCA के आदेश से उड़ान परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि ऑफ सीजन होने से उड़ानों की संख्या पहले ही कम की जा चुकी हैं।