कोरबा पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह के द्वारा अवैध नशे के विरुद्ध निजात अभियान प्रारंभ किया गया है। जिले में पदभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने नशा के विरुद्ध अभियान पर अपनी मंशा स्पष्ट जाहिर कर दी थी। इसके बाद भी अपेक्षित कार्यवाही नजर नहीं आने पर उन्होंने सख्ती बरती है। थाना चौकी प्रभारियों पर सख्त होने के बाद अब खोज-खोज कर नशे के सौदागर पकड़े जा रहे हैं। पुलिस का अपना मुखबिर तंत्र भी इस मामले में खास तौर पर सक्रिय हुआ है। साहब की अपेक्षा अनुरूप कार्यवाही करने में थाना-चौकी प्रभारियों ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। नशे के सौदागरों की शामत आ गई है लेकिन अभी भी छोटे सौदागर ही हाथ लग रहे हैं। इनकी जड़ तक पहुंचने में काफी पसीना बहाना होगा। यह कोई पहला मौका नहीं है जब नशा के खिलाफ अभियान चला हो लेकिन इसके कुछ महीने बाद सब कुछ ढर्रे पर चलने लगता है।














