Sunday, August 23, 2026

जलजनित बीमारियों से बचाव हेतु करें सतत कार्यवाही , पेयजल की गुणवत्ता रहे सुनिश्चित – आयुक्त

कोरबा – आयुक्त श्री प्रभाकर पाण्डेय ने निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वर्तमान में वर्षा ऋतु को देखते हुए जलजनित व कीटजनित बीमारियों से बचाव हेतु सतत रूप से एहतियाती कार्यवाही जारी रखें तथा यह सुनिश्चित करें कि पाईप लाईनों के माध्यम से आपूर्ति किए जाने वाला पेयजल पूर्ण गुणवत्तायुक्त हो, वहीं अन्य पेयजल स्त्रोतों की शुद्धता की जांच कराएं, यदि पानी दूषित पाया जाता है तो तत्काल उसे उपचारित कर जल का शुद्धिकरण कराएं, साथ ही समय-समय पर जल की जांच कराया जाना सुनिश्चित करें।
आयुक्त श्री पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान तथा उसके तत्काल पश्चात जलजनित बीमारियों जैसे पीलिया, डायरिया, डिसेंटरी तथा कीटजनित बीमारियों जैसे डंेगू, मलेरिया आदि की संभावनाएं बनी रहती है, इन बीमारियों से बचाव व सुरक्षा हेतु निगम द्वारा उठाए गए एहतियाती कदमों में और अधिक तेजी लाएं तथा सघन रूप से कार्यवाही सुनिश्चित कराएं। उन्होने अधिकारियों से कहा कि जलप्रदाय हेतु स्थापित पानी टंकियों की सफाई, पाईप लाईनों में यदि लिकेज या टूट-फूट होता है तो तत्काल सुधार कार्य, सार्वजनिक नल व हैण्डपम्पों के आसपास की सफाई, हैण्डपम्पों के जल को कीटाणुरहित करने हेतु ब्लीचिंग पाउण्डर का घोल या सोडियम हाईपोक्लोराईड डालने के साथ-साथ आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल के उपयोग हेतु जागरूक करने आदि की कार्यवाही सघन रूप से करें