Wednesday, July 1, 2026

पुत्र की मौत पर दूसरी शादी कर पिता का नाम स्कूल में बदलवाने का मामला आया सामने, कोरबा कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश

कोरबा। शहर एक निजी स्कूल द्वारा पोते के पिता का नाम बदलने की शिकायत उसके दादा ने डीईओ जीपी भारद्वाज से की। इसके बाद डीईओ भारद्वाज ने शिकायत मिलने परपोते के मृत पिता का नाम बदली कर सौतेल पिता का नाम दर्ज करने के मामले में दो सदस्यीय जांच टीम गठित की है।

 

इसमें उन्होंने कहा है कि अपने स्तर पर निरीक्षण कर सत्यता की जांच करें तथा उचित कार्रवाई कर रिपोर्ट कार्यालय में पेश करें। जांच करने की जिम्मेदारी शासकीय हाई स्कूल जेपी कालोनी कोरबा व शासकीय हाई स्कूल बुंदेली के प्राचार्य को दी गई है। डीईओ जीपी भारद्वाज ने आदेश में बताया है कि नगर पंचायत कूरा थाना धरसीवां जिला रायपुर निवासी सत्यनारायण गोयल ने अपने पोता शुभांश अग्रवाल के पिता का नाम स्व. निलेश अग्रवाल से बदलकर राकेश सिंघानिया दर्ज करने की शिकायत मिली है।

 

इसमें उनके दादा ने आवेदन में उल्लेख किया है कि शुभश अग्रवाल की मां ने दूसरी शादी कर पूर्व पिता का नाम बदल कर राकेश सिंघानिया का नाम दर्ज कराया है। शिकायत जांच की कापी कलेक्टर, न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल रामपुर के साथ आवेदक सत्यनारायण को भी दी है। शुभांश के दादा ने बताया कि पूर्व में जिस स्कूल में शुभांश पढ़ रहा था, वहां उसके वास्तविक पिता का नाम दाखिल खारिज रजिस्टर में दर्ज है, लेकिन दूसरा स्कूल जो उसी संस्था से जुड़ी है, वहां प्रवेश दिलाने के बाद उसकी माता ने अपने दूसरे पति का नाम शुभांश के स्व. पिता नीलेश अग्रवाल के स्थान पर दर्ज करा दी हैं। इसकी शिकायत जिला पुलिस अधीक्षक कोरबा व रामपुर पुलिस से भी की गई है।