
रायपुर में सोमवार को हुए एक हत्याकांड का राज खुल गया। मामले में महिला का कातिल उसका भतीजा ही निकला। युवक को अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवक ने गला दबाकर और तकिए से मुंह दबाकर अपनी चाची काे मार डाला। घटना खमतराई इलाके की है। प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने बताया कि उसकी चाची उससे अच्छे से बात नहीं करती थी। खाने के समय तो रोज चिल्लाती थी, इसलिए मार डाला। 31 साल की सरस्वती राठौर जांजगीर की रहने वाली थी। वह पिछले कुछ सालों से शिव विहार सेक्टर 3 शिवानंद नगर में अपने भतीजे रंजीत राठौर और पति राजू राठौर के साथ रहती थी। पति राजू एक फैक्ट्री में काम करता है। भतीजा बेरोजगार था, फिलहाल घर पर ही रहता था, घर के कामों में चाचा-चाची का हाथ बंटाया करता। यहां कोई काम काज मिल जाए इस वजह से चाचा-चाची के साथ रह रहा था।
रविवार को रोज की तरह सरस्वती और उसका भतीजा रंजीत घर पर थे। महिला का पति फैक्ट्री में नाइट शिफ्ट करने चला गया। सरस्वती और उसका भतीजे रंजीत दोनों ने रात में खाना खाया इसके बाद अपने अपने कमरे में सोने चले गए। महिला के भतीजे रणजीत ने पुलिस को बताया था कि चाची ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद नहीं किया था। वह हमेशा ही दरवाजा खोलकर सोया करती थी।
सुबह 5:00 बजे रंजीत जब पानी पीने के लिए उठा तो उसने देखा कि बेड पर चाची मृत पड़ी है। उसने करीब जाकर देखा और अपने चाचा राजू को फोन कर जानकारी दी। हड़बड़ाकर राजू भी घर पहुंचा पुलिस को भी खबर दी गई । कुछ घंटों पहले तक ये मामला किसी अनजान शख्स के घर में घुसकर महिला को मारने का लग रहा था मगर शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट की वजह से केस में ट्विस्ट आ गया।











