Thursday, August 6, 2026

बेटी-भतीजे और भाई समेत कार नहर में कुदा दी:मौत से पहले वीडियो बनाया, पत्नी पर अवैध संबंध के आरोप लगाए

पंजाब में सुसाइड का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। फिरोजपुर जिले में एक शख्स ने बेटी-भतीजे और भाई को पहले कार में बैठाया और तेज रफ्तार गाड़ी नहर में कुदा दी। घटना में चारों की मौत हो गई है। पुलिस ने मंगलवार को घंटों मशक्कत के बाद चारों डेड बॉडी और कार नहर से बाहर निकाली।

मरने से पहले घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार चला रहा शख्स रो-रोकर मरने की वजह बता रहा है। वीडियो में उसने पत्नी पर इलाके के ही एक फाइनेंसर के साथ अवैध संबंध होने के आरोप लगाए हैं। साथ ही उसने यह भी कहा कि उसकी सास और साली उसका घर नहीं बसने दे रहीं।

फिरोजपुर पुलिस के मुताबिक मोहल्ला बुधवारा निवासी जसविंदर सिंह (37) अपनी कार में भाई हरप्रीत सिंह (40), अपनी बेटी गुरलीन कौर और भतीजे अगम के साथ जा रहा था। घलखुर्द के पास अचानक जसविंदर ने कार लेकर नहर में छलांग लगा दी। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को बाहर निकाला, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।

मृतक जसविंदर के भाई ने बताया कि उसकी भाभी काला संधू नाम के फाइनेंसर के साथ रहने लगी थी। काला संधू ने मोहल्ले में उसे अलग कमरा लेकर दिया हुआ था। भाभी की मां और बहन भी उसी का साथ देती थीं। भाई जसविंदर ने काला संधू को फोन करके कहा था कि उसकी पत्नी को वह वापस घर भेज दे। उसके बच्चे मां के बिना अनाथ जीवन बिता रहे हैं। इस पर काला संधू जसविंदर को गालियां देने लगा।