Saturday, September 26, 2026

कछुआ चाल में SECL: एसईसीएल प्रबंधन ने किया भूमि का अधिग्रहण, अब रोजगार देने में कर रहा कोताही, एक्शन में कलेक्टर…

कोरबा. कलेक्टर संजीव झा ने आज एसईसीएल प्रबंधन के अधिकारियों की बैठक लेकर प्रबंधन द्वारा भूविस्थापितों को नौकरी देने के लिए बचे हुए प्रकरणों की जानकारी ली. उन्होंने लंबित प्रकरणों को तेजी से निराकरण करने के निर्देश दिए. कलेक्टर झा ने एसईसीएल क्षेत्र कोरबा, दीपका, कुसमुण्डा और गेवरा के महाप्रबंधकों से अभी तक संस्थान द्वारा भू-विस्थापितों को दिए गए नौकरी और मुआवजा वितरण की जानकारी ली. कलेक्टर झा ने नौकरी देने के लिए बचे हुए लंबित प्रकरणों में तेजी से कार्यवाही करते हुए भू-विस्थापितों के रोजगार की समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए. कलेक्टर झा ने बैठक में एसईसीएल द्वारा भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण के लंबित प्रकरणों की भी जानकारी ली. साथ ही तकनीकी समस्याओं और विभागीय समन्वय के कारण रुके हुए प्रकरणों को विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करके निराकरण के भी निर्देश दिए. बैठक में कलेक्टर झा ने एसईसीएल के खदानों में कोयला चोरी रोकने के लिए किए गए सुरक्षा इंतजामों की भी जानकारी ली. उन्होंने कोयला चोरी रोकने सभी खुले जगहों को बंद करके सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.