जामा मस्जिद महिलाओं की एंट्री बैन का फैसला वापस लेगी:शाही इमाम बोले- यहां आने वालों से गरिमा बनाए रखने की अपील

दिल्ली की जामा मस्जिद महिलाओं की अकेले एंट्री पर लगे बैन को वापस लेगी। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली के उप-राज्यपाल वीके सक्सेना ने मस्जिद के शाही इमाम बुखारी से इस बैन को हटाने की अपील की थी, जिसे शाही इमाम ने मान लिया है। हालांकि उन्होंने यह कहा है कि मेरी अपील है कि मस्जिद आने वाले लोग जगह की गरिमा बनाएं रखें।

दरअसल गुरुवार दिन में जामा मस्जिद ने महिलाओं की अकेले एंट्री पर बैन लगाया था। मस्जिद की दीवारों पर नोटिस की कॉपी लगाई गई थी, जिसके मुताबिक मस्जिद में लड़की या लड़कियों का अकेले आना मना किया गया था। यानी लड़कियों के ग्रुप को भी मस्जिद के अंदर जाने की अनुमति नहीं थी। ।

इसे लेकर मस्जिद प्रशासन ने वजह बताई थी कि अकेली लड़कियां मस्जिद में लड़कों को टाइम देकर मिलने बुलाती हैं। यहां डांस वीडियो बनाती हैं, हम इस पर रोक लगा रहे हैं। हालांकि इस मसले पर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने मस्जिद को नोटिस जारी किया था।