Monday, October 12, 2026

यात्रीगण कृपया ध्यान दें… डिंपल भाभी को जिताएं:इटावा रेलवे स्टेशन पर किया गया अनाउंसमेंट

इटावा यात्रीगण कृपया ध्यान दें… मैनपुरी से डिंपल भाभी को जिताएं। इटावा जंक्शन पर शनिवार रात करीब 11 बजे अचानक यह अनाउंसमेंट होने लगा। ऐसा 15 से 20 बार हुआ। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को पहले तो लगा कि कहीं स्टेशन पर चुनाव प्रचार तो नहीं हो रहा, लेकिन कई बार सुनने के बाद वे समझ गए कि इन्क्वायरी ऑफिस के माइक से ही ये अनाउंसमेंट हो रहा है।

घटना के दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने कहा कि पहली बार हम लोगों ने रेलवे के अनाउंसमेंट माइक से चुनाव प्रचार की आवाज सुनी। 15-20 बार डिंपल यादव के नारे लगे हैं। कई यात्रियों ने कहा कि क्या अब स्टेशन पर भी चुनाव प्रचार होगा? पुलिस उल्टा हम लोगों से पूछताछ कर रही है।

मौके पर मौजूद यात्रियों का कहना है कि रात के समय पूछताछ केंद्र खाली था। तभी कुछ लोगों ने वहां जाकर ये हरकत की है। हालांकि उन लोगों की अभी पहचान नहीं हो पाई है।

यात्रियों ने मामले की पूछताछ खिड़की पर पहुंचकर शिकायत भी की है। मामला सामने आने के बाद रेलवे अधिकारी जांच में जुट गए। GRP भी अपने स्तर से पड़ताल कर रही है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि ये हरकत किसने की है। रेलवे अधिकारी इस घटना को लेकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।