आंध्र में TDP-YSR कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प:पालनाडु में दोनों पार्टियों के वर्कर्स ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंके

आंध्र प्रदेश के पालनाडु जिले में शुक्रवार शाम तेलुगु देसम पार्टी (TDP) और YSR कांग्रेस पार्टी (YSRCP) के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई। मामला बढ़ता देख पुलिस ने लाठी चार्ज कर भीड़ को हटाया। यह घटना जिले के माचेरला इलाके में हुई है। फिलहाल यहां धारा 144 लगा दी गई है।

दरअसल, यहां के माचेरला गांव में YSRCP सरकार के खिलाफ TDP कार्यकर्ता रैली करने जा रहे थे। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता एक-दूसरे से भिड़ गए और पत्थरबाजी करने लगे। इसमें दोनों तरफ के लोगों को चोटें आईं। हिंसक झड़प में कई घरों और गाड़ियों में आग लगा दी गई। अब दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर हिंसा भड़काने का आरोप लगा रही हैं।

TDP का कहना है कि YSRCP के कार्यकर्ताओं ने उनके ऑफिस और नेताओं की गाड़ी में आग लगाई, जबकि रूलिंग पार्टी का कहना है कि इस झड़प में तेलुगु देसम पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनके कार्यकर्ताओं को चोट पहुंचाई।

TDP प्रमुख और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस हमले को लेकर गंटूर DIG से पूछा है कि जब माचेरला में हालात इतने गंभीर हो गए, तो पुलिस ने कार्रवाई क्यों नहीं की?