नई दिल्ली भारत में कोरोना के बढ़ते खतरे के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया आज दोपहर 3 बजे राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मीटिंग में कोविड की स्थिति और तैयारियों पर चर्चा होगी।
देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 164 नए केस सामने आए हैं, जबकि 9 लोगों की मौत हो गई। इनमें 2 मौतें महाराष्ट्र और एक मौत दिल्ली में हुई, बाकी की 6 मौतें केरल में हुई हैं, जो पहले का डेटा है और अभी सामने आया है। देश में कोरोना के कुल मामले 4,46,77,903 हो गए हैं, जबकि 5,31,925 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 4,41,30,223 लोग ठीक हुए हैं।
- उत्तर प्रदेश में सभी पुलिसकर्मियों को मास्क पहनना और सैनिटाइजर का उपयोग करना अनिवार्य किया गया है।
- केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भारत ने दूसरे देशों को भी वैक्सीन दी। देश में 4 टीकों का उत्पादन हो रहा। हमें सतर्क रहने की जरूरत है।
- तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्री हरीश राव ने कहा कि कोरोना से घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्क रहने की जरूरत है। साथ ही लोगों से बूस्टर डोज लेने की अपील है।











