Thursday, May 14, 2026

नारायणपुर उपद्रव में भाजपा जिलाध्यक्ष समेत 7 को जेल

नारायणपुर में चर्च में तोड़फोड़ और पुलिस जवानों पर हमला करने वाले 7 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिन्हें आज कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है। इनमें भाजपा के नारायणपुर जिला अध्यक्ष रूपसाय सलाम समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं। जिन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच जेल भेजा गया है। गिरफ्तार लोगों में से पवन नाग, अंकित नंदी के नाम सामने आए हैं

उधर भाजपाइयों की गिरफ्तारी के बाद सांसद संतोष पांडेय, मोहन मंडावी, भाजपा नेता केदार कश्यप और महेश गागड़ा नारायणपुर जिला मुख्यालय आने निकले थे, जिन्हें पुलिस ने बीच रास्ते में ही रोक दिया है। इसके बाद सभी भाजपा नेता बेनूर गांव में सड़क पर ही बैठ गए हैं। DIG कमलोचन कश्यप समेत अन्य अफसर उन्हें मौके से उठाने की कोशिश में लगे हुए हैं।

पुलिस की समझाइश के बाद भाजपा नेता बातचीत करने के लिए राजी हुए हैं। बेनूर के CSP कार्यालय में एक बंद कमरे में भाजपा नेताओं की कलेक्टर और एसपी के साथ मीटिंग चल रही है। पिछले करीब 45 मिनट से यह मीटिंग जारी है। हालांकि अंदर क्या बातचीत हो रही है, इस मामले में कोई जानकारी निकलकर सामने नहीं आ आई है। इधर सड़क पर अब भी भाजपा कार्यकर्ता बैठे हुए हैं।